महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा मामले और खेल मंत्रालय 17 और 18 अप्रैल 2026 को देश के सात प्रमुख शहरों में “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन करेगा। यह पहल विकसित भारत के विजन में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह दौड़ दिल्ली, कटक, पटना, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और जयपुर में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के तहत पटना और जयपुर में 17 अप्रैल को आयोजन होगा, जबकि दिल्ली, कटक, मुंबई, इंदौर और बेंगलुरु में 18 अप्रैल को दौड़ आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रतिभागियों के पंजीकरण से होगी। इसके बाद उद्घाटन सत्र में गणमान्य अतिथियों का स्वागत, मुख्य अतिथि का संबोधन और नारी शक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। 2 से 3 किलोमीटर की यह दौड़ शहरों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित होगी, जिसका समापन प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरण के साथ किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं, पेशेवर महिलाओं, उद्यमियों, खिलाड़ियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। ‘माय भारत’, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और अन्य संगठनों के माध्यम से इसमें सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
यह आयोजन 16 से 18 अप्रैल 2026 तक चल रहे संसद सत्र के संदर्भ में भी खास महत्व रखता है, जिसमें महिलाओं के प्रतिनिधित्व और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इसके जरिए महिलाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि यह पहल महिला सशक्तिकरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करने का संदेश देती है।













