चंडीगढ़ 7 जनवरी,2021 : नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के चुनाव को लेकर आगामी रणनीति को तय करने हेतु भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक आज शाम को पार्टी कार्यालय कमलम में आयोजित हुई | इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद , प्रदेश संगठन महामंत्री दिनेश कुमार ,प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर और रामबीर भट्टी सहित पार्टी के सभी 19 पार्षदों ने इसमें भाग लिया|
यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी ने प्रदान की | उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते पार्षद हीरा नेगी अस्पताल में भर्ती हैं इसलिए वे आज बैठक में भाग नहीं ले सकी | 8 जनवरी को मतदान वाले दिन वो भी भाग लेंगी | इसके अलावा यदि डॉक्टर चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर के स्वास्थय को लेकर संतुष्ट होंगे तो वो भी मतदान वाले दिन अपना वोट डालने आएँगी|
उधर आज की बैठक में उपरोक्त तीनों पदों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत को शत प्रतिशत सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से चर्चा हुई | उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता रीढ की हड्डी की तरह हैं | पार्टी के सभी पार्षद एक सच्चे सिपाही की भाँती पार्टी के साथ खड़े हैं | बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के आह्वान पर सभी पार्षदों ने एकसाथ बुलंद आवाज करते हुए कहा कि पार्टी के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशियों को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाएंगे और निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को पूर्व की भाँति इस बार भी मुँह की खानी पड़ेगी और तीनों पदों पर जीत भाजपा के प्रत्याशियों की होगी |