चंडीगढ़। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के दौरान हिमाचल वासियों के वोट निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। जयराम ठाकुर शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
जयराम ठाकुर ने आज वार्ड नंबर छह से पार्टी प्रत्याशी सरवजीत कौर ढिल्लों के समर्थन में एमएचसी मार्केट ग्रांउड, वार्ड नंबर 14 से पार्टी प्रत्याशी कुलजीत सिंह संधू के समर्थन में धनास, वार्ड नंबर 11 से पार्टी प्रत्याशी अनूप गुप्ता के समर्थन में सैक्टर-21 में, वार्ड नंबर 29 से पार्टी प्रत्याशी रविंदर पठानिया के समर्थन में सैक्टर-56, वार्ड नंबर 31 से भारत कुमार के समर्थन में सैक्टर-52 में, वार्ड नंबर 30 से शक्ति देवशाली के समर्थन में सैक्टर-41 तथा भाजपा के हिमाचल प्रकोष्ठ द्वारा सैक्टर-29 में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के बहुत से लोगों ने चंडीगढ़ को अपना स्थाई आशियाना बना लिया है। हिमाचल के बहुत से लोगा रोजाना अपने कामकाज के लिए चंडीगढ़ आते हैं और चंडीगढ़ में लोगों के उद्योग धंधे हिमाचल में हैं। ऐसे में हिमाचल और चंडीगढ़ वासियों के बीच आपसी परिवारिक सांझ है। इसी सांझ के चलते और चंडीगढ़ में बसे हिमाचल वासियों की सुविधा के लिए चंडीगढ़ के सैक्टर-28 स्थित हिमाचल भवन में मुख्यमंत्री सिंगल विंडो शुरू की गई है। जिसमें चंडीगढ़ में रहने वाले सभी हिमाचल वासी अपनी शिकायत तथा प्रदेश के विकास हेतु सुझाव भी दे सकते हैं।
पिछले पांच वर्षों के दौरान हिमाचल के लोगों को चंडीगढ़ में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। यह इस बात का प्रमाण है कि चंडीगढ़ निगम में सत्ता संभालने वाली भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल वासियों के हितों की रक्षा की है।
इस अवसर पर बोलते हुए हिमाचल के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान यहां सबका साथ, सबका विकास को मजबूत किया गया है। इस अवसर पर जयराम ठाकुर के कार्यक्रमों के संयोजक एवं पार्टी के महामंत्री चंद्रशेखर ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि निगम चुनाव में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है। ठाकुर के दौरे के बाद हिमाचल वासी एक तरफा होकर भाजपा के साथ आएंगे। इस अवसर पर वार्ड अध्यक्ष मनदीप कौर, दीपक उनियाल, सुमिता कोहली, नारायण प्रशाद, ललिता चौहान, दुर्योधन राणा, ओपी सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद थे।