दिल्ली, 30 मार्च: आज दिल्ली के नजफगढ़ से विधायक रहे एवं इनेलो के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भरत सिंह को हजारों नम आंखों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए और अंतिम विदाई दी। इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला, इनेलो संसदीय दल के नेता एवं हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला, राई के पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को चौधरी भरत सिंह की अंत्येष्टि में हजारों लोगों के साथ भाग लिया और उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। चौधरी भरत सिंह की रविवार रात उनके विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली प्रदेश इनेलो के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी भरत सिंह की निर्मम हत्या पर दुख जताते हुए इस हत्याकांड के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने चौधरी भरत सिंह को एक संघर्षशील राजनेता बताते हुए कहा कि दिल्ली ने जमीन से जुड़ा हुआ जुझारू एवं लोकप्रिय नेता खो दिया है।