जैन मुनि तरुण सागर पर डडलानी ने आपत्तिजनक भाषा में ट्वीट किया था। मामले के तूल पकड़ने पर और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगने के बाद विशाल डडलानी को खेद जताना पड़ा।
गौरतलब है कि जैन मुनि तरुण सागर ने 26 अगस्त को हरियाणा विधानसभा में प्रवचन दिया था। जिसे लेकर डडलानी ने एक विवादस्पद ट्वीट किया जिसमें उन्होंने न केवल इस आयोजन पर उंगली उठाई बल्कि जैन मुनि के प्रवचन का मजाक उड़ाने के लिए जैन धर्म की उस परम्परा जिसके तहत जैन मुनि निर्वस्त्र रहते हैं पर भी ओछी बात कह दी।
साथ ही डडलानी ने तरुण सागर के विधानसभा में प्रवचन को लोकतंत्र का मजाक भी बताया था। इस ट्वीट के बाद खूब हंगामा मचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन चंडीगढ़ पहुंचे और खुद जैन मुनि तरुण सागर से जाकर मिले।
डडलानी की टिप्पणी को लेकर लोगों ने आम आदमी पार्टी के साथ ही डडलानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को जैन समुदाय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।
उधर डडलानी ने भी अपनी इस टिप्पणी पर अफसोस प्रकट कर दिया है, लेकिन उनकी मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। डडलानी के खिलाफ मुंबई पुलिस को शिकायत मिली है। मुंबई पुलिस के मुताबिक डडलानी के ट्वीट पर चेंबूर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई है।
राज्य के एक भाजपा विधायक ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से मिलकर डडलानी के साथ ही तहसीन पूनावाला के खिलाफ विवादित ट्वीट पर शिकायत दर्ज की और एफआईआर की मांग की।
वहीं जैन मुनि तरुण सागर ने कहा है कि डडलानी को जैन समाज के बारे में पता नहीं है और कुछ भी बोलने से पहले उन्हें सौ बार सोचना चाहिए।