प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन शक्ति की उपलब्धियों को देशवासियों के साथ किया साझा, भारत बना अंतरिक्ष में उपग्रह को मार गिराने की क्षमता हासिल करने वाला विश्व का चौथा देश, पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को दी बधाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारत ने आज एक अभूतपूर्व सिद्धि हासिल की है। भारत में अपना नाम ‘स्पेस पावर’ के रूप में दर्ज करा दिया है। अब तक रूस, अमेरिका और चीन को ये दर्जा प्राप्त था, अब भारत को भी यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए देश के वैज्ञानिकों को बधाई दी। पीएम ने कहा इस उपलब्धि से देश की रणनीतिक और सुरक्षा क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा।
पीएम ने इस मौके पर कहा कि मैं आज विश्व समुदाय को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमने जो नई क्षमता हासिल की है, वह किसी के खिलाफ नहीं है; भारत हमेशा अंतरिक्ष में हथियारों की दौड़ के खिलाफ रहा है और आज भी इस नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने देश के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को मिशन शक्ति की सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि उपग्रह रोधी मिसाइल के सफल प्रक्षेपण से देश विश्व में एक अंतरिक्ष महाशक्ति के रूप में उभरा है। इस उपलब्धि पर हर देशवासी को गर्व है। भावी सफलताओं के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी वैज्ञानिकों की इस सफलता पर उन्हे बधाई दी।