चंडीगढ़, अप्रैल 2025 — अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत चंडीगढ़ के दीनदयाल उपाध्याय जिला में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामवीर भट्टी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता एवं अभियान संयोजक श्री नरेश अरोड़ा, जिला अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सैनी, जिला टीम के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री रामवीर भट्टी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को कभी उनका उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में कई नेताओं ने स्वयं को भारत रत्न दे दिया, लेकिन संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर को यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारतीय जनता पार्टी समर्थित सरकार में ही प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बाबा साहब को सच्चा सम्मान देते हुए उनके नाम पर ‘पंच तीर्थ’ का निर्माण किया, जो पूरी तरह से सरकारी खर्च पर किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि आने वाली पीढ़ियाँ डॉ. अंबेडकर के विचारों को समझें, पढ़ें और उनके पदचिन्हों पर चलकर राष्ट्र और समाज की सेवा करें।
श्री नरेश अरोड़ा ने जानकारी दी कि इस तरह की संगोष्ठियाँ चंडीगढ़ के सभी छह जिलों में आयोजित की जा रही हैं। हर जिले में विशेष रूप से एससी समुदाय को केंद्र में रखकर संगोष्ठियाँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें बाबा साहब के योगदानों तथा भाजपा सरकार द्वारा उनके सम्मान में किए गए कार्यों की जानकारी दी जाएगी और जनजागरूकता फैलाई जाएगी।