चंडीगढ़, 21 दिसंबर। कुमाऊं सभा, चंडीगढ़ के मुख्य पदाधिकारियों के चुनाव रविवार को शिव शक्ति सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-28, चंडीगढ़ में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में गोकुल सिंह नगरकोटी गुट और सुमन शंकर तिवारी गुट के बीच सीधा मुकाबला रहा, जिसमें गोकुल सिंह नगरकोटी गुट ने सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की।
सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में गोकुल सिंह नगरकोटी ने 622 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 860 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुमन शंकर तिवारी को 238 वोट मिले।
उप-प्रधान पद पर हरीश पांडेय को 855 वोट मिले, जबकि मदन मोहन जोशी को 221 वोट प्राप्त हुए। महासचिव पद पर भगत सिंह रावत ने होशियार सिंह को 640 मतों से हराया। भगत सिंह रावत को 860 वोट, जबकि होशियार सिंह को 220 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर मोहिंदर (मनीष बोरा) ने गिरीशचंद्र सिंह को 619 मतों से पराजित किया। मोहिंदर को 843 वोट, जबकि गिरीशचंद्र सिंह को 224 वोट प्राप्त हुए।
इस प्रकार चारों प्रमुख पदों पर गाय के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे गोकुल सिंह नगरकोटी गुट ने कब्जा जमाया। उनकी जीत में टीम द्वारा किए गए आक्रामक सोशल मीडिया प्रचार, मजबूत जनसंपर्क अभियान तथा वरिष्ठ सदस्यों, महिलाओं और युवाओं तक निरंतर पहुंच की अहम भूमिका रही। इसके साथ ही पिछली कार्यकारिणी के सराहनीय कार्यों को भी मतदाताओं का समर्थन मिला। वहीं, सुमन शंकर तिवारी गुट की ओर से किए गए नकारात्मक प्रचार को मतदाताओं ने नकार दिया।
जीत के बाद गोकुल सिंह नगरकोटी ने कहा कि यह जीत ट्राईसिटी में रहने वाले हर कुमाऊंनी की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले तीन वर्षों में समाज की बेहतरी और विकास के लिए ठोस कार्य किए जाएंगे और सभी समर्थकों का उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया।
चुनाव के दौरान कुमाऊंनी समाज के प्रेरणास्रोत डॉ. राजे सिंह कंडारी ने मतदान के बाद सभी सदस्यों के लिए जलेबी की व्यवस्था की, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। चुनाव संपन्न होने के बाद सभा के सदस्यों द्वारा परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया।














