मनोज शर्मा, चंडीगढ़ : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर, सुभाष नगर, मनीमाजरा से श्रद्धालुओं का विशाल धार्मिक जत्था राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों मेहंदीपुर बालाजी, सालासर बालाजी और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए श्रद्धाभाव के साथ रवाना हुआ। भक्त डीसी की अध्यक्षता में तीन बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने यात्रा प्रारंभ की।
इस अवसर पर भक्त वीरे ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा 28 जुलाई 2026 को मंदिर परिसर से शुरू हुई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा 31 जुलाई 2026 को पूर्ण होगी, जिसके बाद सभी श्रद्धालु सकुशल श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर, सुभाष नगर, मनीमाजरा लौटेंगे। वापसी पर मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ यात्रा का समापन किया जाएगा।
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हनुमान जी एवं श्री श्याम प्रभु का पूजन-अर्चन कर मंगलमय यात्रा की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में “जय श्री बालाजी” और “जय श्री श्याम” के जयकारों तथा भक्ति भजनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, श्रद्धा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।















