नई दिल्ली, अगस्त 21: उपराष्ट्रपति पद का चुनाव इस बार बेहद रोचक हो गया है। एक ओर जहां सत्तारूढ़ एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने अपने उम्मीदवार के तौर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को मैदान में उतारा है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए उन्हें एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति बताया है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर साझा एक वीडियो में राधाकृष्णन के साथ अपने पुराने रिश्तों को याद किया और कहा कि उनका संबंध तब से है “जब दोनों के बाल भी काले हुआ करते थे”।
उन्होंने कहा कि आज यह गर्व का क्षण है कि लोकसभा में तमिलनाडु से आया सेंगोल सर्वोच्च स्थान पर है और अब राज्यसभा में भी तमिलनाडु का बेटा सर्वोच्च पद पर आसीन होने जा रहा है। मोदी ने यह भी कहा कि राधाकृष्णन अच्छे खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन राजनीति में उन्होंने कभी कोई खेल नहीं खेला, बल्कि सेवा के मार्ग पर चलते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
प्रधानमंत्री ने वीडियो के साथ लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि थिरु सीपी राधाकृष्णन एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति साबित होंगे। दशकों से उन्हें करीब से देखने का अनुभव रहा है, जिसमें उनका सेवा-भाव और समर्पण झलकता है।
बुधवार को सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्वयं उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री और एनडीए के अन्य नेता भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में अब इस प्रतिष्ठित पद के लिए सीपी राधाकृष्णन और बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला होगा, जिसे लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।














