चंडीगढ़। विजयदशमी के पावन अवसर पर जय जगदम्बे गढ़वाल रामलीला मंडल, सेक्टर-41 की ओर से दशहरा समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बबीता पठानिया और उपिंदर पठानिया को रावण दहन के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए बबीता पठानिया ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले का दहन करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और ईर्ष्या जैसी बुराइयों को समाप्त करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर जय जगदम्बे गढ़वाल रामलीला मंडल के प्रधान जसपाल रावत और समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए और उत्साहपूर्वक दशहरा उत्सव मनाया।
कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।













