अजमेर: हिन्दू जनजागृति समिति की ओर से 29 जुलाई को देशभर के 64 स्थानों पर ‘गुरुपूर्णिमा महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में राजस्थान के अजमेर में सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के गांधी भवन सभागार, अजयमेरु में सायं 5 बजे महोत्सव का आयोजन होगा।
समिति ने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है। इन्हीं विषयों पर जागरूकता लाने तथा धर्मरक्षा के लिए समाज को संगठित करने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में सहभागी होने का आह्वान किया है।
महोत्सव में श्री व्यासपूजन, प.पू. भक्तराज महाराज का गुरुपूजन, रामराज्य की स्थापना के लिए संकल्प एवं नामजप, धर्मरक्षकों एवं हिन्दुनिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, राष्ट्रभक्त एवं धर्मनिष्ठ वक्ताओं का मार्गदर्शन, तथा स्वसंरक्षण की सरल पद्धतियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में समिति के प्रेरणास्थान सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले के कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ‘रामराज्य अर्थात् हिन्दू राष्ट्र की स्थापना के लिए संघर्ष और दिशा’ विषय पर विशेष व्याख्यान भी आयोजित होगा।
महोत्सव के दौरान राष्ट्र एवं धर्म विषयक ग्रंथों की प्रदर्शनी तथा पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। समिति ने सभी राष्ट्र एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
कार्यक्रम का विवरण:
- स्थान: सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, गांधी भवन सभागार, अजयमेरु, अजमेर (राजस्थान)
- तिथि: 29 जुलाई 2026
- समय: सायं 5:00 बजे















