चंडीगढ़। भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (बीआरपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्लान बिस्वास और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पंजाब प्रभारी सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल भूखड़ी कलां ने पंजाब में नशे की समस्या, चिट्टे के कारण प्रभावित हो रहे परिवारों, किसानों की आर्थिक स्थिति और युवाओं के भविष्य पर चिंता जताई है।
यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने कहा कि चिट्टे और अन्य नशों की समस्या ने पंजाब के अनेक परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवा अपनी जान गंवा रहे हैं, माता-पिता अपने बच्चों को खो रहे हैं और कई परिवारों में कम उम्र में ही महिलाओं को पति से बिछड़ने का दुख झेलना पड़ रहा है। बच्चों को भी माता-पिता के प्यार और सहारे से वंचित होना पड़ रहा है।
नेताओं ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना और प्रभावित परिवारों को सहारा देना समाज के साथ-साथ सरकार की भी बड़ी जिम्मेदारी है।
नशा तस्करों के खिलाफ टास्क फोर्स बनाने का वादा
दोनों नेताओं ने कहा कि पार्टी नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंजाबी युवाओं की टास्क फोर्स बनाने और सख्त कदम उठाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए बेहतर इलाज और नशामुक्ति सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही।
उन्होंने पंजाब के युवाओं को रोजगार देने तथा किसानों और खेत मजदूरों की आमदनी बढ़ाने के लिए नई कृषि संभावनाओं पर काम करने का वादा किया।
अफीम और खसखस की खेती शुरू करने की बात कही
बीआरपी नेताओं ने कहा कि पंजाब में पार्टी की सरकार बनने पर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर खसखस और अफीम की खेती शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इससे किसानों और खेत मजदूरों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
दोनों नेताओं ने कहा कि भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी किसानों की खुशहाली, खेत मजदूरों की आर्थिक तरक्की, नशे से प्रभावित परिवारों की सहायता और पंजाब के गांवों के विकास के मुद्दों पर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे पार्टी का प्रमुख लक्ष्य बताते हुए दुनिया भर में बसे पंजाबियों से भी यह वादा किया।














