चंडीगढ़: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश ने ‘श्री गुरु रविदास अमृत संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में अभियान के आगामी कार्यक्रमों और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अभियान के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, पूर्व मेयर राजेश कालिया, पूर्व प्रदेश सचिव देवी सिंह, राजपाल डोगर, पूर्व पार्षद राजेंद्र कौर रत्तू, जिला अध्यक्ष रविंद्र मलिक, रेखा सूद सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी ‘श्री गुरु रविदास अमृत संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास जी के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को कलश यात्रा से की गई। वहीं गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के रविदास मंदिरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
बैठक में बताया गया कि ‘कलश वंदन अभियान’ के अंतर्गत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली श्री गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन मिट्टी को 11,000 पवित्र कलशों में स्थापित कर देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 जुलाई 2026 को यह पावन कलश चंडीगढ़ पहुंचेगा, जहां भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलश यात्रा का स्वागत बहलाना में शाम 4 बजे किया जाएगा। इसके बाद यात्रा हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट, हल्लोमाजरा चौक, रामदरबार, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2, सेक्टर-31 मार्केट होते हुए सेक्टर-32 स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका विधिवत समापन होगा।
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश ने श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा शहरवासियों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संत गुरु रविदास जी के समता, सद्भाव, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।















