चंडीगढ़ म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर—तीनों प्रमुख पदों पर कब्जा कर लिया है। मेयर पद पर सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर पद पर जसवंतप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर पद पर सुमन शर्मा की जीत ने यह साफ कर दिया है कि चंडीगढ़ की जनता ने एक बार फिर भाजपा के विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मॉडल पर भरोसा जताया है।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चंडीगढ़ मेयर चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के लिए जनता की स्पष्ट मुहर है।
विनोद तावड़े ने कहा कि पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला ने अपने कार्यकाल में पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता दी, और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नई टीम चंडीगढ़ के विकास को नई दिशा देगी।
उन्होंने चंडीगढ़ के योजनाबद्ध और तेज़ विकास के लिए C7 कमेटी के गठन की घोषणा भी की। इस कमेटी में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और भाजपा के तीन अन्य पार्षद शामिल होंगे। यह कमेटी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों की निगरानी करेगी।
इस अवसर पर कमलम कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिठाइयों के साथ जश्न मनाया। पूरे कार्यालय में उत्साह और विजय का माहौल देखने को मिला।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा ने दोहराया कि पार्टी का लक्ष्य सत्ता नहीं बल्कि सेवा है और वह चंडीगढ़ को स्वच्छ, सुरक्षित, स्मार्ट और विकासशील शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।















