सोलन। भारत विकास परिषद की सोलन शाखा की ओर से एलआर ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टीट्यूट के सभागार में प्रांत स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शिमला, सोलन, बद्दी, नाहन और पांवटा साहिब की टीमों ने भाग लिया। इसमें दयानंद पब्लिक स्कूल, द मॉल, शिमला की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय पर्यवेक्षक एवं संयुक्त महासचिव राकेश दत्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिमला शाखा से पर्यावरण प्रमुख रमेश चोपड़ा और सचिव राकेश भारद्वाज, नाहन शाखा से अध्यक्ष यशपाल शर्मा और पूर्व महासचिव श्रीकांत अकेला, सोलन शाखा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश प्रभाकर और सचिव हरीश शर्मा तथा बद्दी शाखा के अध्यक्ष देव व्रत यादव मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का संचालन प्रांतीय महासचिव दीप कुमार आर्य ने किया। प्रांतीय अध्यक्ष कर्नल अरुण कैथला ने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों, शिक्षकों और परिषद के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
दयानंद पब्लिक स्कूल शिमला की टीम प्रथम
प्रतियोगिता में दयानंद पब्लिक स्कूल, द मॉल, शिमला की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। डिवॉन विजडम, माजरा, पांवटा साहिब की टीम दूसरे, डीएवी सन्नी साइड, सोलन की टीम तीसरे, बद्दी इंटरनेशनल स्कूल, बद्दी की टीम चौथे और एवीएन स्कूल की टीम पांचवें स्थान पर रही।
राकेश दत्ता ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दयानंद पब्लिक स्कूल, शिमला की टीम 1 नवंबर को क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मोगा (पंजाब) जाएगी।
देश और छात्र निर्माण में अहम भूमिका
राकेश दत्ता ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं देश निर्माण और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने परिषद की शाखाओं में सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।













