चंडीगढ़। दिव्य रामायण युवा कला मंच, सेक्टर-49 की ओर से आयोजित पांचवें रामलीला मंचन एवं दशहरा महोत्सव में इस बार भव्य आयोजन देखने को मिलेगा। विजयदशमी पर 70 फुट ऊंचे रावण तथा 65-65 फुट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन में ग्रीन पटाखों और भव्य आतिशबाजी की भी व्यवस्था की गई है।
दशहरे के दिन दोपहर तीन बजे सेक्टर-50 स्थित प्रोग्रेसिव सोसायटी मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम छह बजे रावण दहन का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। राम भक्तों की सुविधा के लिए बैठने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। संजय टंडन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि भजन सम्राट कन्हैया मित्तल गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा अरुण सूद, आईएएस अधिकारी प्रद्युमन और आईपीएस अधिकारी अनुराग दार सहित राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के भी पहुंचने की जानकारी दी गई है।
पांच वर्षों में ट्राइसिटी में बनाई पहचान
प्रधान चिराग अग्रवाल के नेतृत्व में दिव्य रामायण युवा कला मंच ने पांच वर्षों में ट्राइसिटी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों का समर्पण, कलाकारों का अभिनय तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प इसकी सफलता का प्रमुख आधार है। पूरी टीम आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटी हुई है।
अनुभवी और नए कलाकार निभा रहे प्रमुख भूमिकाएं
राम की भूमिका निभा रहे सुमित सेठी को इस किरदार का 25 वर्षों का अनुभव है। वह पिछले तीन वर्षों से संस्था से जुड़े हैं। माता सीता की भूमिका इस वर्ष पहली बार थिएटर कलाकार शुबरा सिंह निभा रही हैं, जबकि लक्ष्मण की भूमिका में आशीष रौतेला पिछले पांच वर्षों से मंचन कर रहे हैं। हनुमान की भूमिका इस बार प्रशांत निभा रहे हैं। वह इससे पहले भी संस्था की रामलीला में विभिन्न किरदार निभा चुके हैं।
रावण और राजा दशरथ की भूमिका निभाने वाले अश्विनी शर्मा चंडीगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत हैं। वह कई वर्षों से रामलीला में अभिनय कर रहे हैं। फिल्म ‘साईं महिमा’ में मुख्य भूमिका निभाने के अलावा वह कई फिल्मों और पंजाबी धारावाहिकों में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस की डायल-112 पीसीआर इकाई के गीत के निर्देशन और अभिनय में योगदान दिया है। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैफिक जागरूकता पर आधारित ई-चालान फिल्म का निर्देशन किया और जनहित से जुड़े जागरूकता नुक्कड़ नाटकों में भी भागीदारी की है।
आधुनिक तकनीक और संगीत से सजेगी रामलीला
रामलीला मंचन को आकर्षक बनाने के लिए 60 फुट का विशाल मंच और 50 फुट की एआई आधारित एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। पारंपरिक रामायण के प्रसंगों को आधुनिक दृश्य तकनीक और प्रभावशाली संगीत के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। संगीत के क्षेत्र में पार्श्व गायक जोड़ी का विशेष योगदान रहेगा।
संस्था का उद्देश्य रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। आयोजकों के अनुसार, पदाधिकारियों, कलाकारों, सहयोगियों और राम भक्तों के सामूहिक प्रयासों से यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एकता का संदेश भी देगा।














