चंडीगढ़, — 21 दिसंबर, 2025 को होने वाले कुमाऊं सभा, चंडीगढ़ के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर दोनों गुटों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इस चुनाव में गोकुल सिंह नगरकोटी की टीम गाय के चुनाव चिन्ह पर, जबकि सुमन शंकर तिवारी की टीम ध्वजा सहित भवन के चुनाव चिन्ह पर मैदान में है।
सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि चुनाव में प्रधान, वरिष्ठ उप प्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष—कुल चार पदों के लिए मतदान होगा। वहीं मुख्य संगठन सचिव पद पर गोकुल नगरकोटी की टीम के उम्मीदवार राजेंद्र सिंह बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
रविवार को दोनों टीमों ने ट्राइसिटी के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर और जनसभाएं आयोजित कर प्रचार किया। गोकुल सिंह नगरकोटी ने अपनी टीम के साथ पंचकूला के सेक्टर 14, 16, 19, इंदिरा कॉलोनी और मनीमाजरा में जनसंपर्क किया।
प्रचार के दौरान गोकुल नगरकोटी ने सदस्यों को अपनी टीम के प्रमुख मुद्दों से अवगत कराया। इनमें कुमाऊं भवन का निर्माण, चंडीगढ़ से काठगोदाम और रामनगर जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव, महिलाओं और युवाओं की सभा में भागीदारी सुनिश्चित करना, मेधावी छात्र-छात्राओं व खिलाड़ियों को सम्मान एवं सहायता देना, उत्तराखंड से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ आने वाले मरीजों की मदद करना, कुमाऊंनी भाषा और संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन तथा ‘मेरा गांव, मेरा तीर्थ’ कार्यक्रम का आयोजन शामिल है।
गोकुल नगरकोटी ने दावा किया कि उन्हें सभी क्षेत्रों से भारी जन समर्थन मिल रहा है और उनकी टीम जीत को लेकर आश्वस्त है। रविवार के प्रचार अभियान में चंडीगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष व पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर हीरा नेगी, पूर्व प्रधान बचन सिंह नगरकोटी, पूर्व कोषाध्यक्ष थान सिंह बिष्ट, कुमाऊं युवा परिषद के संस्थापक सदस्य बाला दत्त बेलवाल सहित सभा के कई वरिष्ठ सदस्य, महिला एवं युवा शक्ति तथा बड़ी संख्या में अन्य सदस्य मौजूद रहे।



















