महंत मनोज शर्मा की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में गौरक्षा विभाग, चंडीगढ़ के प्रमुख जितेंद्र सनातनी, धर्मपाल शर्मा, सह प्रमुख जितेंद्र रावत, संदीप शर्मा तथा प्रीतम, सूरज, नीरज, रोहित, अमन, कृष्णा, अनिरुद्ध और किशोर सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन की ओर से एसडीएम पवित्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।
विश्व हिन्दू परिषद के गौरक्षा प्रमुख जितेंद्र सनातनी ने बताया कि ज्ञापन में गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने, देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गो रक्षा एवं गो सेवा के लिए सशक्त केंद्रीय कानून बनाने, गोशालाओं के विकास हेतु विशेष अनुदान प्रदान करने, गोवंश के लिए चारा एवं चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने तथा विद्यालयों के मिड-डे मील में देशी गाय के दूध और घी के उपयोग जैसी मांगें शामिल हैं।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार को गौ संरक्षण के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने चाहिए। उनके अनुसार, 3,28,600 हस्ताक्षर केवल एक संख्या नहीं, बल्कि देशभर के गौ भक्तों की सामूहिक जनभावना और संकल्प का प्रतीक हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार संत समाज और नागरिकों की ओर से उठाई गई इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक निर्णय लेगी।














