चंडीगढ़ — हरियाणा योग आयोग द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 30 दिवसीय सूर्य-नमस्कार अभियान 2026 का शुभारंभ हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ स्थित योग केन्द्र पर किया गया। यह अभियान हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन योगाचार्य डॉ. जयदीप आर्य के मार्गदर्शन में आरंभ हुआ।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक डॉ. जसप्रीत कौर और योग डेमोंस्ट्रेटर रमेश भाटी ने सामूहिक रूप से सूर्य-नमस्कार का अभ्यास करवाया, जिसमें सचिवालय कर्मचारियों के साथ-साथ सीआईएसएफ के जवानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर रमेश भाटी ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं योग प्रशिक्षक डॉ. जसप्रीत कौर ने सूर्य-नमस्कार के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभ्यास शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ तनाव कम करने में भी सहायक है।
आरोग्य भारती चंडीगढ़ विभाग एवं हरियाणा प्रांत प्रचार-प्रसार व संपर्क प्रमुख सुरेन्द्र चौहान ने कहा कि आज के समय में योग और स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को जीवनशैली में शामिल करना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया है, जिसके परिणामस्वरूप हरियाणा धीरे-धीरे “योग युक्त, नशामुक्त हरियाणा” की दिशा में अग्रसर हो रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि सूर्य-नमस्कार एक संपूर्ण व्यायाम है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि सर्दी के मौसम में ठंड से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होता है।



















