नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को NXT कॉन्क्लेव 2025 में भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान और आयोजन क्षमता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत में हर दिन नई उपलब्धियां हासिल हो रही हैं और पूरी दुनिया भारत को जानना और समझना चाहती है। उन्होंने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि भारत आर्थिक, सांस्कृतिक और तकनीकी रूप से दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत सकारात्मक खबरों का केंद्र बन गया है।
महाकुंभ 2025 का उल्लेख
इस दौरान पीएम मोदी ने हाल ही में संपन्न महाकुंभ 2025 का जिक्र किया और कहा कि दुनिया इस भव्य आयोजन से आश्चर्यचकित है कि करोड़ों लोग अस्थायी शहर में एकत्र होकर पवित्र नदी में स्नान करते हैं। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन प्रयागराज में महाकुंभ का समापन हुआ, जो 13 जनवरी (पौष पूर्णिमा) से 26 फरवरी तक चला। इस दौरान 66 करोड़ 21 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में स्नान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आयोजन दुनिया को भारत की आयोजन क्षमता से परिचित कराता है।
भारत में होगा अगला AI समिट
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की वैश्विक भूमिका को उजागर करते हुए कहा कि हाल ही में उन्हें फ्रांस में आयोजित AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) समिट में शामिल होने का अवसर मिला, जहां भारत सह-आयोजक था। उन्होंने घोषणा की कि अगला AI समिट भारत में आयोजित होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत AI और अन्य नई तकनीकों के माध्यम से करोड़ों लोगों का जीवन सुधार सकता है।
भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता
पीएम मोदी ने भारत की G20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी का उल्लेख किया और बताया कि भारत ने “इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर” के रूप में दुनिया को एक नया आर्थिक मार्ग दिया। उन्होंने अफ्रीकी संघ को G20 का सदस्य बनाने और द्वीपीय देशों (Island Nations) को प्राथमिकता देने की भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका अब नई तकनीकों, अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से दुनिया में अपनी छाप छोड़ रही है।
प्रधानमंत्री मोदी के इस संबोधन से यह स्पष्ट हुआ कि भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और आने वाले वर्षों में भारत की तकनीकी और आर्थिक प्रगति और अधिक ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।