चंडीगढ़, अगस्त। पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ के लॉन में पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह का आयोजन किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने भाग लेकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को और बढ़ाया।
राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया शाम 5 बजे समारोह स्थल पर पहुंचे, जहां पुलिस बैंड द्वारा उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके पश्चात ‘वंदे मातरम्’ का वादन तथा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पंजाब लोक भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
राज्यपाल ने समारोह में उपस्थित अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष स. कुलतार सिंह संधवां, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण, सांसद श्री मनीष तिवारी तथा सांसद स. सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।
समारोह में पंजाब के मुख्य सचिव के. ए. पी. सिन्हा, यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह तथा पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष, चिकित्सक, पत्रकार, उद्योगपति तथा पंजाब एवं चंडीगढ़ के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों ने समारोह में भाग लिया।
‘एट होम’ समारोह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय एकता, सौहार्द और भाईचारे की भावना के साथ एक मंच पर लाकर देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाने का अवसर प्रदान किया।















