चंडीगढ़: निशांत कुमार यादव, आईएएस, उपायुक्त एवं अध्यक्ष, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी (आईआरसीएस), यूटी चंडीगढ़ तथा अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस, अतिरिक्त उपायुक्त एवं सचिव, आईआरसीएस-यूटी के मार्गदर्शन में चंडीगढ़ रेड क्रॉस ने अपनी ‘रेड क्रॉस पंछी बसेरा’ पहल का विस्तार करते हुए सेक्टर-17 स्थित रैन बसेरा और सेक्टर-43 स्थित हॉस्पिस में दो नए पंछी बसेरा स्थापित किए हैं।
इन नए स्थलों पर पंछी बसेरा विकसित किए जाने से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, यूटी शाखा, चंडीगढ़ ने मानवीय सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया है। इस पहल का उद्देश्य पक्षियों को भोजन और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना तथा नागरिकों को भी इस प्रकार के सेवा कार्यों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करना है।
अधिकारियों ने इस पहल को सफल बनाने में आईआरसीएस, यूटी चंडीगढ़ की नोडल अधिकारी एवं अधीक्षक पूनम मलिक के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उनके नेतृत्व और सहयोग से ‘पंछी बसेरा’ अभियान का विस्तार शहर के अधिक स्थानों तक किया जा सका है।
इस अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के राज्य निदेशक तथा प्रदीप चोपड़ा, एसी (एफ एंड ए) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। रेड क्रॉस अधिकारियों ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, यूटी शाखा, चंडीगढ़ भविष्य में भी मानवता, करुणा, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भाव को बढ़ावा देने वाली ऐसी जनकल्याणकारी पहलों को जारी रखेगी।






