नई दिल्ली : भारत के आनंदकुमार वेलकुमार ने इतिहास रचते हुए स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का पहला सीनियर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने 500 मीटर+डी स्प्रिंट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।
यह उपलब्धि उस समय और खास हो जाती है जब कुछ ही सप्ताह पहले उन्होंने चीन के चेंगदू में आयोजित वर्ल्ड गेम्स में 1000 मीटर स्प्रिंट में एक और कांस्य पदक हासिल किया था। यह भी भारत के लिए इस प्रतियोगिता में पहला पदक था।
आनंदकुमार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक 2021 में शुरू हुई थी, जब उन्होंने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। अब लगातार दो ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर उन्होंने न सिर्फ भारतीय स्पीड स्केटिंग को नई पहचान दिलाई है बल्कि देश में इस खेल के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद भी जगाई है।



















