पंचकूला, 8 सितंबर – नेशनल आई डोनेशन अवेयरनेस फोर्टनाइट के तहत ब्लू बर्ड हाई स्कूल, सेक्टर-16, पंचकूला के अर्ली एक्ट क्लब “आशा की किरण” ने रोटरी क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के सहयोग से सेक्टर-15 स्थित ओल्ड एज होम का दौरा किया।
इस अवसर पर स्कूल की डॉक्टर ने वृद्धाश्रम के सभी निवासियों को आँखों की देखभाल संबंधी ज़रूरी जानकारी दी और उन्हें आंख दान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि “दृष्टि जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद है, और आँख दान करके हम किसी और का जीवन रोशन कर सकते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दादा-दादी दिवस भी मनाया। बच्चों ने बुजुर्गों को बिस्कुट और सैंडविच भेंट कर उन्हें मध्यान्ह का विशेष उपहार दिया। साथ ही उन्होंने “दादा-दादी हमको प्यारे” गीत गाकर वहाँ मौजूद सभी बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।
रोटरी क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल और स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाते हैं, बल्कि पीढ़ियों को जोड़ने का भी कार्य करते हैं।



















