नई दिल्ली, 1 अक्टूबर 2025 — अष्टमी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दक्षिण दिल्ली स्थित चित्तरंजन पार्क (सीआर पार्क) में दुर्गा पूजा पंडाल और काली बाड़ी मंदिर में मां दुर्गा और मां काली के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने आरती की, पूजा-अर्चना की और माथे पर तिलक लगाया। प्रधानमंत्री के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी देवी के दर्शन किए।
हर साल की तरह इस बार भी सीआर पार्क की दुर्गा पूजा दिल्ली-एनसीआर में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भव्य पंडाल, पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। सीआर पार्क का काली मंदिर, जिसकी स्थापना 1970 के दशक में हुई थी, बंगाली समुदाय के बीच आस्था का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विशेष सुरक्षा समूह (SPG) ने एक दिन पहले ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके की सुरक्षा का जायजा लिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत स्थानीय निवासियों से मुख्य सड़कों पर खड़े वाहनों को हटाने का निर्देश दिया गया था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी: भारी जाम की आशंका
त्योहार और प्रधानमंत्री की यात्रा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आउटर रिंग रोड (पंचशील से ग्रेटर कैलाश), लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जेबी टीटो मार्ग, इंद्र मोहन भारद्वाज मार्ग और सीआर पार्क मेन रोड पर भारी जाम की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा, गुरुद्वारा रोड, बिपिन चंद्र पाल मार्ग और ग्रेटर कैलाश-2 की कई आंतरिक सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। पंचशील, आईआईटी और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वाले रास्तों को डायवर्ट कर दिया गया है।
वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए
हल्के और भारी मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों — एमजी रोड, अरबिंदो मार्ग, मथुरा रोड, लाला लाजपत राय रोड और महरौली-बदरपुर रोड — से भेजने की सलाह दी गई है। ये ट्रैफिक प्रतिबंध 2 अक्टूबर तक लागू रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वह अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल आवश्यक होने पर ही सीआर पार्क क्षेत्र की ओर जाएं। पूजा पंडाल आने वाले श्रद्धालुओं से भी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।














