आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने का संकल्प, ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ का उद्घाटन
नई दिल्ली। दिल्ली के सांस्कृतिक कार्यमंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा फैलाए जाने वाले भय का अब निर्णायक जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जिहादी आतंकवादी जगह-जगह बम धमाके करते थे, लेकिन अब ऐसा करने से पहले ही उन्हें मुंहतोड़ जवाब मिल रहा है। बड़ी संख्या में आतंकवादियों के मारे जाने से तथाकथित सेक्युलर परेशान हैं और आने वाले समय में यह बेचैनी और बढ़ेगी। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जितने जिहादी आतंकवादी पैदा होंगे, उतने ही छत्रपति शिवाजी महाराज इस देश के हर घर में जन्म लेंगे।
श्री कपिल मिश्रा देश की राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘सेव कल्चर सेव भारत फाउंडेशन’ द्वारा प्रस्तुत एवं ‘सनातन संस्था’ द्वारा आयोजित भव्य ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर पूज्य प.पू. शांतिगिरी महाराज, सनातन संस्था के संस्थापक सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बाळाजी आठवले की आध्यात्मिक उत्तराधिकारी श्रीसत्शक्ति (श्रीमती) बिंदा सिंगबाळ और श्रीचित्शक्ति (श्रीमती) अंजली गाडगीळ, ‘सेव कल्चर सेव भारत फाउंडेशन’ के अध्यक्ष एवं भारत के पूर्व सूचना आयुक्त श्री उदय माहूरकर, सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक श्री सुरेश चव्हाणके, हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक सद्गुरु (डॉ.) चारुदत्त पिंगळे तथा सनातन संस्था के प्रवक्ता श्री अभय वर्तक द्वारा दीप प्रज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय राष्ट्र की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा करने का विरोध होता था और यह प्रश्न खड़ा होता था कि ऐसे विषयों पर बात कहाँ की जाए। उन्होंने कहा कि आज आयोजित हो रहे ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ को केंद्र और राज्य—दोनों सरकारों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने नागरिकों से धर्म और संस्कृति की रक्षा एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उपस्थितजनों ने सामूहिक गायन कर राष्ट्रभावना को जागृत किया। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने भी इस कार्यक्रम में सहयोग दिया। उद्घाटन समारोह में सोरटी सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्यांश के दर्शन कराए गए तथा संतों के करकमलों से पूजन कर उनके माहात्म्य का वर्णन किया गया। इस अवसर पर सनातन संस्था द्वारा प्रकाशित हिंदी पुस्तक ‘संकल्प रामराज्य का’ और रक्षा मंत्रालय के अपर सचिव श्री वेदवीर आर्य द्वारा लिखित अंग्रेज़ी ग्रंथ ‘क्रॉनोलॉजी एंड ओरिजिन्स ऑफ इंडो-यूरोपियन सिविलाइजेशन’ का लोकार्पण भी किया गया।
भारत को ‘विकृति सामग्री मुक्त’ बनाने का आह्वान: उदय माहूरकर
पूर्व सूचना आयुक्त श्री उदय माहूरकर ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लीलता का प्रसार हो रहा है। उन्होंने शिक्षा प्रणाली में अनुशासन और कठोरता की आवश्यकता पर बल देते हुए हर भारतीय से ‘विकृति सामग्री मुक्त भारत’ का संकल्प लेने का आह्वान किया।
आतंकवाद से मुकाबले के लिए अढ़ाई मोर्चों पर लड़ाई जरूरी: अभय वर्तक
सनातन संस्था के प्रवक्ता श्री अभय वर्तक ने कहा कि आज शायद ही कोई जिला या राज्य हो जहाँ आतंकवादियों के स्लीपर सेल न हों। उन्होंने कहा कि दो मोर्चों पर सेना और सरकार लड़ रही है, जबकि आधे मोर्चे पर जनता को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। तभी आतंकवाद पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकेगा।














