उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को भारतीय वायुसेना का एक प्रशिक्षण माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान अचानक नियंत्रण खो बैठा और केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में जा गिरा। विमान गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह माइक्रोलाइट 2-सीटर एयरक्राफ्ट संगम क्षेत्र से प्रशिक्षण उड़ान भरने के बाद वापस लौट रहा था। उड़ान के कुछ ही देर बाद तकनीकी कारणों से विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आते हुए तालाब में गिर गया। विमान में दो पायलट सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत तालाब में उतरकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया। डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी नागरिक को कोई चोट नहीं आई है।
भारतीय वायुसेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह नियमित प्रशिक्षण उड़ान थी और दुर्घटना अचानक हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।



















