नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान कूटनीतिक और रणनीतिक मुलाकातों के बीच एक बेहद दिलचस्प और हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी अचानक इजराइल के मशहूर ‘अंडरकवर एजेंट्स’ से घिर गए! हालांकि, यह कोई सुरक्षा चूक या खुफिया मिशन नहीं था, बल्कि दुनिया भर में मशहूर इजरायली ओटीटी (OTT) सीरीज ‘फौदा’ (Fauda) की टीम के साथ एक खास मुलाकात थी।
पीएम मोदी का मजेदार पोस्ट और वायरल सेल्फी प्रधानमंत्री मोदी ने इस खास मुलाकात की एक शानदार सेल्फी अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (X) पर साझा की। इस तस्वीर में उनके साथ 8 लोग नजर आ रहे हैं और सभी के चेहरे प्रधानमंत्री से मिलकर खुशी से दमक रहे हैं। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में लिखा:
“शुक्र है, सिर्फ एक सेल्फी की ही इन्हें जरूरत थी, कोई अंडरकवर काम नहीं था!”
कौन हैं तस्वीर में दिखने वाले ये ‘रणबांकुरे’? तस्वीर में नजर आ रहे ये लोग इजरायल की बेहद लोकप्रिय और एक्शन से भरपूर टीवी/ओटीटी सीरीज ‘फौदा’ के निर्माता और कलाकार हैं। इस सीरीज की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने वाले और इसमें काम करने वाले कई लोग असल जिंदगी में भी इजरायल रक्षा बल (IDF) के पूर्व सैनिक रह चुके हैं और युद्ध के मैदान में अपना जौहर दिखा चुके हैं।
क्या है ‘फौदा’ (Fauda) सीरीज?
-
निर्माता: इस सीरीज को आईडीएफ के पूर्व सैनिकों लियोर रज (Lior Raz) और एवी इश्कारोफ (Avi Issacharoff) ने बनाया है।
-
सफर: इसका पहला सीजन 2015 में टीवी पर टेलीकास्ट हुआ था। बाद में 2016 में नेटफ्लिक्स (Netflix) ने इसे अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया, जिसके बाद यह दुनियाभर में छा गई।
-
कहानी: यह शो मुख्य रूप से इजरायली रक्षा बल और खुफिया एजेंसियों को फिलिस्तीन और गाजा में अपने दुश्मनों से निपटते हुए दिखाता है।
-
भाषा: इसे मूल रूप से अरबी और हिब्रू (Hebrew) में फिल्माया गया है और नेटफ्लिक्स पर यह इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ उपलब्ध है।
-
पुरस्कार: साल 2016 में इसे इजरायली अकादमी अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट ड्रामा सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया था।
असल जिंदगी का मातम इस सीरीज से जुड़ी एक भावुक और दुखद घटना भी है। साल 2023 में जब इजरायल और हमास के बीच युद्ध छिड़ा, तो इस सीरीज के क्रू मेंबर मातम मीर (Matan Meir) इजरायली सेना की तरफ से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। यह घटना दर्शाती है कि ‘फौदा’ की टीम केवल पर्दे पर ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी अपने देश के लिए मोर्चे पर खड़ी रहती है।














