लंदन, 22 अगस्त। भारतीय मूल के दिग्गज ब्रिटिश उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल का 94 वर्ष की आयु में गुरुवार शाम (स्थानीय समयानुसार) लंदन के एक अस्पताल में निधन हो गया। हाल ही में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जताया शोक
लॉर्ड स्वराज पॉल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने लिखा— “श्री स्वराज पॉल जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूँ। ब्रिटेन में उद्योग, परोपकार और जनसेवा में उनके योगदान तथा भारत के साथ घनिष्ठ संबंधों के लिए उनके अटूट समर्थन को सदैव याद रखा जाएगा। उनके साथ हुई कई मुलाकातें स्मरणीय रहेंगी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।”
जालंधर से ब्रिटेन तक का सफर
18 फरवरी 1931 को पंजाब के जालंधर में जन्मे लॉर्ड स्वराज पॉल ब्रिटेन स्थित कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक थे। 1960 के दशक में वे अपनी छोटी बेटी अंबिका के कैंसर के इलाज के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे, लेकिन 4 वर्षीय बेटी की असमय मृत्यु के बाद उन्होंने उसकी स्मृति में अंबिका पॉल फाउंडेशन की स्थापना की।
शिक्षा और स्वास्थ्य में योगदान
इस संस्था ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी पहल के माध्यम से दुनिया भर के बच्चों और युवाओं के कल्याण के लिए लाखों डॉलर का दान दिया।
रिच लिस्ट में शामिल
लॉर्ड पॉल संडे टाइम्स रिच लिस्ट में नियमित रूप से शामिल होते रहे। इस वर्ष उनकी संपत्ति लगभग 2 बिलियन पाउंड (GBP) आंकी गई थी और उन्हें ब्रिटेन के धनी व्यक्तियों की सूची में 81वें स्थान पर रखा गया था।






