कूच बिहार (पश्चिम बंगाल): प्रधानमंत्री Narendra Modi ने रविवार को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में आयोजित जनसभा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन टीएमसी के गुंडों के डर से लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और उन्हें कानून पर भरोसा रखना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में बंगाल से भय खत्म होगा और भाजपा की जीत से जनता का भरोसा मजबूत होगा। उन्होंने कहा, “मैं आपको भरोसा देता हूं कि इस बार चुनाव के बाद टीएमसी के पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा, चाहे कोई कितना भी बड़ा गुंडा क्यों न हो।”
पीएम मोदी ने All India Trinamool Congress पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि टीएमसी के अन्याय और धोखे की सूची बहुत लंबी है। “उत्तर कन्या को क्षेत्र के विकास का केंद्र बनाने का दावा किया गया था, लेकिन वहां के लिए आवंटित धन तक खर्च नहीं किया गया,” उन्होंने कहा।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर टीएमसी का भय, ‘कट मनी’ और भ्रष्टाचार है, जबकि दूसरी ओर भाजपा विकास और भरोसे की राजनीति करती है। उन्होंने घुसपैठ, कानून-व्यवस्था और संपत्ति सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी टीएमसी सरकार को घेरा।
महिलाओं के मुद्दे पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने नारी शक्ति के लिए सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में काम किया है। उन्होंने बताया कि अब तक 3 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है और महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में 33% आरक्षण देने के लिए कानून भी लाया गया है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर महिलाओं को उनका अधिकार देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सीटों के मामले में कोई नुकसान नहीं होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि वर्षों से जनता का लूटा गया पैसा भ्रष्टाचारियों को लौटाना पड़ेगा और देश में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।














