जालंधर, पंजाब। राज्य में आई बाढ़ ने एक हजार से अधिक गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। हालात से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक बड़े पैमाने पर राहत और सेवा कार्य में जुट गए हैं।
पंजाब प्रांत संघचालक स. इकबाल सिंह ने बताया कि गुरदासपुर जिले में स्वयंसेवकों ने कई ट्रालियों के जरिए दूध, चीनी, घरेलू राशन, पीने का पानी और दवाइयां जैसी आवश्यक सामग्री 10 गांवों में पहुंचाई है। खास बात यह रही कि राहत सामग्री उन गांवों तक भी पहुंचाई गई है जहां अब तक कोई प्रशासनिक या अन्य सहायता नहीं पहुंची थी। यहां स्वयंसेवक प्रशासन के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।
इसी तरह कपूरथला जिले में स्वयंसेवकों की टीम प्रभावित इलाकों में घरेलू सामान, ऑडोमॉस, मोमबत्तियां, माचिस, दवाइयां और ओआरएस जैसी वस्तुएं वितरित कर रही है। वहीं, मुकेरियां क्षेत्र में भंगाला खंड के हलेड, कोलिया, सिम्बली और मेहताबपुर गांवों में स्वयंसेवकों ने राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दिया।
मेहताबपुर के आसपास पानी कई फीट तक भरा हुआ था। पानी उतरने के बाद स्वयंसेवकों ने इलाके की साफ-सफाई और स्वच्छता का कार्य भी संभाला। स. इकबाल सिंह ने बताया कि जिन स्थानों पर बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है, वहां स्वयंसेवकों को समाज व अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर अधिकतम सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं।



















