अजमेर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर स्थानीय राधा कृष्ण मंदिर, सोजत में सनातन संस्था द्वारा एक भव्य ‘ग्रंथ प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को शिव उपासना और पूजा विधियों के शास्त्रीय महत्व से अवगत कराना था।
इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधि ने उपस्थित भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे सोलह सोमवार का व्रत हो या महाशिवरात्रि की विशेष पूजा, हर धार्मिक विधि के पीछे गहरा शास्त्रीय और आध्यात्मिक आधार होता है। यदि श्रद्धालु इन विधियों को उनके शास्त्रीय महत्व को समझकर करते हैं, तो उनका आध्यात्मिक लाभ कई गुना बढ़ जाता है।
प्रदर्शनी में शिव तत्व, साधना और उपासना पद्धति से संबंधित विभिन्न ग्रंथ उपलब्ध कराए गए, जिन्हें श्रद्धालुओं ने देखा और क्रय भी किया। इसके साथ ही संस्था द्वारा राजस्थान में संचालित नि:शुल्क उपक्रमों जैसे बालसंस्कार वर्ग और साप्ताहिक धर्म शिक्षा वर्ग की जानकारी भी भक्तों को दी गई।
इस आयोजन में सनातन संस्था से चंद्रा लालवानी, राहुल श्रीवास्तव, संतोष आचार्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से भक्तों में धर्म, साधना और शास्त्रीय ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।














