चंडीगढ़, 23 सितंबर: भारत के महान उपन्यासकार, कवि एवं पत्रकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित अमर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर के विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों की भाँति शारदा सर्वहितकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-40 डी, चंडीगढ़ में भी विशेष तैयारी एवं अभ्यास का आयोजन किया जा रहा है।
विद्यालय परिसर में प्रतिदिन सभी कक्षाओं के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सामूहिक अभ्यास में भाग ले रहे हैं। विद्यार्थी अनुशासित एवं पंक्तिबद्ध होकर राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन कर रहे हैं। अभ्यास के दौरान गीत के शुद्ध उच्चारण, स्वर-सामंजस्य तथा भावपूर्ण प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय गीत की गरिमा और उसके संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
यह अभ्यास विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रेम सिंह खिमटा तथा समस्त शिक्षकों के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण का प्रतीक है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव, राष्ट्रीय एकता तथा मातृभूमि के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करना है।
विशेष बात यह है कि यह तैयारी केवल शारदा सर्वहितकारी विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्या भारती से संबद्ध देशभर के सभी विद्यालयों में एक साथ की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे पूरे देश में एक ही समय पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन में एक करोड़ से अधिक भारतीयों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों का मानना है कि यह राष्ट्रव्यापी प्रयास सामूहिक गायन के माध्यम से नया कीर्तिमान स्थापित करने और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का प्रेरणादायी संदेश प्रसारित करेगा तथा विद्यार्थियों के मन में भारत माता के प्रति गौरव और समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।














