बुलंदशहर: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव पर जूता फेंकने के आरोप में चर्चाओं में आए दो युवकों का बुलंदशहर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। दोनों आरोपितों के समर्थन में रोड शो निकाले जाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने 2 अगस्त को दिल्ली स्थित अपने आवास पर राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की थी। इसी दौरान बुलंदशहर के दो युवकों ने उन पर जूता फेंका था।
शुक्रवार को आरोपित सुमित गिरि और हैप्पी शर्मा बुलंदशहर पहुंचे, जहां समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद बुलंदशहर से नैवला हसनपुर गांव तक खुली जीप में रोड शो निकाला गया। इस दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।
गांव नैधला हसनपुर पहुंचने पर दोनों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। हैप्पी शर्मा ने बताया कि घटना वाले दिन ही उन्हें थाने से जमानत मिल गई थी।
बताया जाता है कि सुमित गिरि सहपानी गांव तथा हैप्पी शर्मा नैथला गांव के निवासी हैं। दोनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े बताए जा रहे हैं।
वहीं, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने कहा कि रोड शो निकाले जाने की जानकारी पुलिस को नहीं थी। यदि बिना अनुमति के रोड शो आयोजित किया गया है तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।















