एनसीपी विधायक दल की नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने आज लोकभवन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और पूरे परिसर में “अजित दादा अमर रहें” के नारे गूंजते रहे।
लोकभवन में आयोजित इस शपथ समारोह में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। शपथ लेने के बाद नेताओं ने इसे पार्टी के लिए भावनात्मक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण क्षण बताया।
शपथ से पहले सुनेत्रा पवार के एनसीपी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी, जिसमें नेतृत्व परिवर्तन और भविष्य की रणनीति पर सहमति बनी।
एनसीपी नेता अनिल भैदास पाटिल ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद पार्टी को संभालना सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि यह आघात गहरा है, लेकिन संगठन को आगे बढ़ाने के लिए किसी को जिम्मेदारी लेनी ही थी और यह जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार ने स्वीकार की।
आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए पार्टी को मजबूत नेतृत्व की जरूरत थी। पाटिल ने बताया कि अजित पवार जिन उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे, अब उनकी जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार निभाएंगी।
एनसीपी विधायक सना मलिक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच यदि किसी को तुरंत स्वीकार किया जा सकता था तो वह सुनेत्रा पवार हैं, क्योंकि वे पिछले दो वर्षों से लगातार संगठन के संपर्क में रही हैं।
वहीं, शरद पवार गुट के साथ संभावित विलय की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल भैदास पाटिल ने कहा कि अजित पवार इस दिशा में कुछ प्रयास कर रहे थे, लेकिन अब उन चर्चाओं का पूरा विवरण देना कठिन है।













