प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में उद्घाटन की गई देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को यात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। रेल मंत्रालय के अनुसार, टिकट बुकिंग खुलने के कुछ ही घंटों में सभी सीटें पूरी तरह भर गईं, जिससे इस प्रीमियम रेल सेवा की लोकप्रियता साफ झलकती है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि कामाख्या (KYQ)–हावड़ा (HWH) रूट पर चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (गाड़ी संख्या 27576) की बुकिंग 19 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी और 24 घंटे से भी कम समय में सभी श्रेणियों की सीटें बिक गईं। यह ट्रेन 22 जनवरी से कामाख्या और 23 जनवरी से हावड़ा से अपनी पहली व्यावसायिक यात्रा शुरू करेगी।
मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी को नई गति देगी और यात्रियों को तेज, सुरक्षित व विश्वस्तरीय रात्रिकालीन यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। आधुनिक सुविधाएं, बेहतर समय प्रबंधन और आरामदायक कोच इसे खास बनाते हैं।
इसी क्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशभर में 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की भी घोषणा की है, जिनमें कामाख्या–रोहतक, हावड़ा–आनंद विहार, बेंगलुरु–अलीपुरद्वार, अलीपुरद्वार–मुंबई और गोमती नगर–डिब्रूगढ़ जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं।
यह रिकॉर्ड बुकिंग भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्रियों के बढ़ते भरोसे का स्पष्ट संकेत है।



















