नई दिल्ली: भारत की अर्थव्यवस्था एक बार फिर दुनिया में सबसे तेज़ गति से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है। विश्व बैंक (World Bank) ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को बढ़ाकर 6.5% कर दिया है। पहले यह अनुमान 6.3% लगाया गया था।
विश्व बैंक ने मंगलवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि यह संशोधन मजबूत घरेलू मांग, ग्रामीण क्षेत्रों में रिकवरी और कर सुधारों के सकारात्मक प्रभावों के चलते किया गया है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत आने वाले वर्षों में भी वैश्विक स्तर पर सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
दक्षिण एशिया में भारत सबसे आगे
विश्व बैंक की रिपोर्ट में दक्षिण एशिया के अन्य देशों की आर्थिक वृद्धि दर के भी अनुमान पेश किए गए हैं:
- बांग्लादेश: FY26 में 4.8% ग्रोथ का अनुमान
- भूटान: हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में देरी के चलते ग्रोथ घटाकर 7.3%
- मालदीव: पर्यटन में सुस्ती से ग्रोथ 3.9% रहने की संभावना
- नेपाल: राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण ग्रोथ घटकर 2.1%
- श्रीलंका: सेवा क्षेत्र और पर्यटन में तेजी से ग्रोथ बढ़कर 3.5%
विश्व बैंक के दक्षिण एशिया के वाइस प्रेसिडेंट जोहान्स जुट ने कहा,
“दक्षिण एशिया में अपार आर्थिक क्षमताएं हैं और यह क्षेत्र अभी भी दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला है। लेकिन जोखिमों से निपटने के लिए देशों को सतर्क रहना होगा।”
RBI ने भी बढ़ाया अनुमान, FY26 में 6.8% ग्रोथ का अनुमान
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी अक्टूबर में हुई मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में चालू वित्त वर्ष के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 6.8% कर दिया है।
RBI के मुताबिक:
- Q2 (दूसरी तिमाही) में GDP ग्रोथ 7%
- Q3 में 6.4%
- Q4 में 6.2% रहने की संभावना है
साथ ही, RBI ने रिटेल महंगाई (CPI) के अनुमान को भी घटाया है:
- FY26 के लिए महंगाई अनुमान 2.6%
- Q2 के लिए 1.8%
- Q3 में 1.8%
- Q4 में 4%


















