चंडीगढ़। पीजीजीसीजी-11 छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से विजयी अध्यक्ष भाव्या शर्मा और उपाध्यक्ष खुशी पंवार को चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने मेयर कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों छात्र नेताओं को शानदार जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि एबीवीपी केवल छात्र राजनीति का मंच नहीं है, बल्कि राष्ट्रभाव, सेवा, संस्कार और नेतृत्व की सशक्त पाठशाला है, जो विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नेतृत्व के लिए तैयार करती है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि भाव्या शर्मा और खुशी पंवार की जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और युवा शक्ति का सशक्त उदाहरण है। यह उपलब्धि छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने के साथ-साथ महिला नेतृत्व को भी नई दिशा प्रदान करेगी।
मेयर ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों छात्र नेता अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए छात्र हितों की आवाज को मजबूती से उठाएंगी और शिक्षा संस्थानों में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने विजयी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व और छात्र भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।















