नई दिल्ली। सत्य निकेतन की हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दिल्ली द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान एवं राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री गोविंद नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अभाविप नेताओं ने कहा कि यह केवल शोक व्यक्त करने का अवसर नहीं, बल्कि न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित करने का भी समय है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
सभा के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
अभाविप ने स्पष्ट किया कि वह पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।















