चंडीगढ़: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएमएसएसएस), सेक्टर-35डी, चंडीगढ़ की अंडर-14 क्रिकेट टीम ने इंटर स्कूल स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट जोसेफ स्कूल, सेक्टर-44 को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
स्कूल शिक्षा विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-8 में खेला गया। टीम की इस उपलब्धि पर स्कूल की प्रिंसिपल सीमा बी. ग्रोवर ने खिलाड़ियों और खेल शिक्षक डॉ. कुलदीप मेहरा को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट जोसेफ स्कूल-44 की टीम को जीएमएसएसएस-35डी के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा। टीम के कप्तान रियांश मित्तल के नेतृत्व में गेंदबाज राजवंश ने 4 ओवर में मात्र 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान रियांश मित्तल ने 3 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
सटीक गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के दम पर जीएमएसएसएस-35डी ने सेंट जोसेफ की पूरी टीम को 20 ओवर में 86 रन पर समेट दिया।
शौर्य और अर्पित की साझेदारी बनी जीत की कुंजी
87 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीएमएसएसएस-35डी की टीम की ओर से शौर्य सिंह ने 26 गेंदों पर 23 रन और अर्पित शर्मा ने 31 गेंदों पर 22 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने 45 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
जीएमएसएसएस-35डी ने 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
विजेता टीम के खिलाड़ी
चैंपियन टीम में कप्तान रियांश मित्तल, कर्मन्य पटियाल, विवेक यादव, रुद्र राजपूत, जोहान जिंदल, ओनिश चौहान, वरदान मल्होत्रा, अर्पित शर्मा, कुणाल सिंह यादव, राजवंश, अक्षत शर्मा, आयुष्मान, शौर्य सिंह, मनराज खेरपा, युवराज चौधरी और प्रणव सेठी शामिल रहे।














