चंडीगढ़: कुमाऊँ सभा (पंजी.), चंडीगढ़ की वार्षिक आम सभा का आयोजन सेक्टर-27 स्थित सामुदायिक केंद्र में सभा के प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, आजीवन सदस्यों, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लेकर संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय विवरण एवं वार्षिक लेखा-जोखा को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। कोषाध्यक्ष मोहिंदर मनीष सिंह बोरा ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जबकि महासचिव भगत सिंह रावत एवं प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी ने संगठन की भावी योजनाओं की जानकारी साझा की।
बैठक में सेक्टर-45 स्थित बुड़ैल कुमाऊँ सभा भवन के नवीनीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। सदस्यों ने हाथ उठाकर भवन के समग्र विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के प्रस्ताव का समर्थन किया।
सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडे ने बताया कि इस अवसर पर कुमाऊँ सभा महिला प्रकोष्ठ का विधिवत गठन किया गया तथा नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
महिला प्रकोष्ठ की नवगठित कार्यकारिणी को सभा के पूर्व प्रधान बच्चन सिंह नगरकोटी, वरिष्ठ सलाहकार हीरा नेगी तथा पूर्व महासचिव राजिंदर सिंह रावत ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नई कार्यकारिणी में दीपा मेहता को प्रधान, इंद्रा कांडपाल को उपप्रधान, हेमा रावत को महासचिव, पुष्पा कपकोटी को सचिव, हेमा रिखाड़ी को उपसचिव, नीमा जोशी को कोषाध्यक्ष, गंगा रावत को सांस्कृतिक सचिव, मंजू खाती को सांस्कृतिक उपसचिव, कविता उपाध्याय को मीडिया सलाहकार तथा बिमला गढ़िया, शीला रावत, प्रेमा नगरकोटी और कमला भट्ट को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवगठित महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का पुष्पमालाओं के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसी अवसर पर पंजाब नगर निकाय चुनावों में प्रत्याशी रहे कुमाऊँ समाज के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभा के वरिष्ठ उपप्रधान हरीश पांडे, उपप्रधान बसंत अधिकारी, ऑडिटर भोपाल सिंह मनराल, मुख्य संगठन सचिव राजेंद्र सिंह बिष्ट, सचिव राजिंदर नगरकोटी, पूर्व प्रधान मनोज रावत, पूर्व महासचिव दीपक परिहार, थान सिंह बिष्ट, नारायण सिंह रावत, राजिंदर पाटनी, डॉ. राजे सिंह कंडारी, नाथू सिंह महरा, राम सिंह मेहरा, दलीप चौहान, जीवन परिहार, हरि सिंह कुंजवाल सहित सभा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।













