नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्वदेशी’ आज आत्मनिर्भर भारत की ताकत और आत्मविश्वास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार व्यापारियों, उद्यमियों और एमएसएमई क्षेत्र के साथ मजबूती से खड़ी है।
पत्रकारों से बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा कि देशभर के लाखों व्यापारियों को एक ऐसा मंच मिला है, जहां ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार महोत्सव भारत के व्यापार और उत्पादों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों की मेहनत देश की आर्थिक प्रगति और गौरव को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने सभी व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत भारत को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाएगी।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में रेखा गुप्ता ने कहा कि देश के व्यापारी, उद्यमी और एमएसएमई केवल कारोबार नहीं बढ़ा रहे, बल्कि रोजगार सृजन, परिवारों की खुशहाली और भारत की आर्थिक शक्ति को भी सशक्त बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने व्यापारिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, सेल्फ-सर्टिफिकेशन और डीम्ड अप्रूवल जैसी व्यवस्थाएं लागू की हैं, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं से राहत मिले और वे अपने व्यवसाय के विकास पर अधिक ध्यान दे सकें।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल, अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया सहित अनेक व्यापारी और उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘भारतीय सामान खरीदें और भारतीय सामान बेचें’ को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अपनी तरह का देश का सबसे बड़ा व्यापारिक एक्सपो है, जिसमें 700 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और सभी स्टॉलों पर केवल भारतीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है।















