चंडीगढ़: चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में संजीव चड्ढा ने जीत दर्ज की, उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी अनिल वोहरा को 88 वोटों के अंतर से पराजित किया। चड्ढा को 224 वोट मिले, जबकि वोहरा 136 वोटों पर सिमट गए।
व्यापारियों के हितों के लिए हरसंभव कार्य करेंगे – संजीव चड्ढा
जीत के बाद संजीव चड्ढा ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा, “व्यापारियों की समस्याओं को मैं भली-भांति समझता हूं और उनके लिए 24 घंटे उपलब्ध रहूंगा। व्यापारी आधी रात को भी मुझसे संपर्क कर सकते हैं।”
चड्ढा ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यापारी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा और वह व्यापारियों से जुड़े सभी मुद्दों को लेकर जल्द ही प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करेंगे।
शांतिपूर्ण मतदान, 360 व्यापारियों ने किया वोट
चुनाव के दौरान मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। कुल 373 सदस्यों में से 360 व्यापारियों ने मतदान किया, जिससे चुनाव में उत्साहजनक भागीदारी देखी गई।
संजीव चड्ढा की इस प्रभावशाली जीत के बाद व्यापारियों में नए नेतृत्व से उम्मीदें बढ़ गई हैं और अब सभी की निगाहें उनके आगामी कार्यों पर टिकी हैं।