चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित टैगोर थियेटर में कुमाऊं सांस्कृतिक रंगमंच (रजिस्टर्ड), चंडीगढ़ द्वारा “म्यर मुल्क मेरी पहचान” शीर्षक से उत्तराखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ग्रुप डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में उत्तराखंड के लोक गायकों और नृत्य कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से समृद्ध पहाड़ी संस्कृति की जीवंत झलक पेश की।
कार्यक्रम के दौरान लोक गायक प्रकाश काहला ने “जय हो जय हो मां दूनागिरी” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं लोक गायिका आशा नेगी ने “डानयू का पारा मैरो माया” गीत से समां बांध दिया। कुमाऊनी हास्य कलाकार गणेश भट्ट ने अपने हास्य व्यंग्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडे और सांस्कृतिक सचिव हेमंत फुलारा ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों और कलाकारों ने भी ग्रुप डांस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में “मां नंदा देवी डांस ग्रुप” ने पहला स्थान हासिल किया, जिसे मंच की ओर से 5100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को मंच द्वारा शॉल और बुके देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष रमेश जोशी, महासचिव अजय सिंह डसीला, प्रधान आनंद बल्लभ नरवाल, कोषाध्यक्ष माधव सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारी और विभिन्न उत्तराखंडी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।














