पंचकूला। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को मोरनी खंड के गांव सबीलपुर में सेवा सेतु अभियान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों से मौके पर ही आवेदन प्राप्त किए गए और आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर के दौरान कुल 75 लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।
भाजपा के जिला महामंत्री जय कौशिक शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के तहत नागरिकों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसकी पात्रता के अनुसार उसे संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन कार्यालय, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, एमएसएमई विभाग, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़े वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, उद्यान विभाग, जिला रोजगार कार्यालय, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, मत्स्य विभाग और जिला कल्याण विभाग सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाए।
इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास विभाग, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और जिला बाल कल्याण विभाग ने भी नागरिकों को अपनी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। शिविर में वैध फैमिली आईडी वाले पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।
पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य
जय कौशिक ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी, पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है। इससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि पंचकूला जिले के सभी खंडों, नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में 13 अक्टूबर, 2026 तक सेवा सेतु अभियान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर बरवाला मंडल प्रमुख धर्मेंद्र राणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी विशाल सैणी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।














