कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NTA NET) में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में NET परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
इस उपलब्धि के बाद सभी सफल विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कुलगुरु ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के उच्च शैक्षणिक स्तर, शोधपरक वातावरण और शिक्षकों के समर्पण का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों के अनुशासन, निरंतर अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। कुलगुरु ने विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत, दर्शन और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
सफल विद्यार्थियों ने कुलगुरु आचार्य राजेंद्रकुमार अनायत, कुलसचिव प्रो. संजय गोयल, शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. जगत नारायण तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि विश्वविद्यालय का शांत शैक्षणिक वातावरण, समृद्ध पुस्तकालय, नियमित कक्षाएं और शिक्षकों का निरंतर मार्गदर्शन उनकी सफलता की मुख्य वजह रहा है।
इस अवसर पर शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. जगत नारायण कौशिक, हिंदू अध्ययन विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण चंद्र पांडे, योग विभागाध्यक्ष डॉ. रामानन्द मिश्र, वेद विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र तथा जनसंपर्क अधिकारी डॉ. गोविन्द वल्लभ भी उपस्थित रहे।
सफल विद्यार्थियों की सूची:
- पूनम – आचार्य साहित्य (NET JRF)
- अंजली – शोधार्थी वेद (NET for Assistant Professor)
- अंजली – आचार्य वेद (NET for Assistant Professor)
- आकाश – एमए योग (NET for Assistant Professor)
- मोहित – आचार्य वेद (NET for PhD Admission)
- अंकिता – एमए योग (NET for PhD Admission)














