प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का वार्ड नंबर-27, चंडीगढ़ में सामूहिक रूप से लाइव प्रसारण सुनने और देखने का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री के विचारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यह रहा कि लाइव प्रसारण के दौरान वार्ड-27 में उपस्थित नागरिकों की सहभागिता और उत्साह की झलकियां राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रसारित की गईं। इससे वार्डवासियों में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। इसे स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी और राष्ट्रीय जुड़ाव का प्रतीक माना गया।
कार्यक्रम के उपरांत स्थानीय पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज में सकारात्मक सोच, जन-जागरूकता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम नागरिकों को अपने कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनाते हैं तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि मन की बात के इस विशेष प्रसारण में वार्ड-27 की सहभागिता और उसका राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित होना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और गर्व का विषय है। यह वार्डवासियों की जागरूकता, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने भी प्रधानमंत्री के संदेशों को प्रेरणादायक बताते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का विश्वास व्यक्त किया।















